नित्य मंगल संवाद, अनुशासित दिनचर्या से समृद्ध होगा परिवार : संजय
नित्य मंगल संवाद, अनुशासित दिनचर्या से समृद्ध होगा परिवार : संजय
अयोध्या, 11 मई । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि अयोध्या महानगर के संयोजन में कारसेवकपुरम में कुटुंब मिलन आयोजित किया गया। इसमें परिवारों का बड़ा एकत्रीकरण हुआ और इस कार्यक्रम का संयोजन कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि महानगर सह संयाेजक पवन पांडेय ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस अवसर पर परिवार में एकजुटता पर बल देते हुए परिवाराें के विघटन की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
समारोह के मुख्य वक्ता संघ के अवध प्रांत के सहप्रांत प्रचारक संजय ने कई उद्धरण देते हुए लोगों से बच्चों पर उम्मीदों का बोझ न लादने को कहा। संजय ने कहा कि परिवार में प्रतिदिन प्रेमपूर्वक मंगल संवाद हो, कुछ अच्छा सीखें और उस पर चर्चा करें। माह में एक बार पड़ोसियों से मंगल संवाद करें। घर में भक्ति, अध्यात्म एवं राष्ट्रभक्ति विषय पर चर्चा करें। कहा, बच्चों को मोबाइल बड़ों की देखरेख में ही दें। परिवार की अनुशासित एवं नियमित दिनचर्या बनाएं। धार्मिक व प्रेरणादायी साहित्य पढ़े जाएं। स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग हो। वृद्धजनों का अत्यधिक ध्यान रखा जाए। साथ ही सेवा कार्य में तन, मन व धन का अर्पण हो। उन्हाेंने कहा कि आपसी संवाद किसी भी सूरत में स्वजनों से बंद न किया जाए। संजय ने कहाकि भोजन करते समय व अतिथियों के आने पर मोबाइल का प्रयोग बिल्कुल न करें। परिवार में किसी का अनादर न करें। मुख्य वक्ता ने कहा, राष्ट्र विरोधी चैनलों को लाइक व सब्सक्राइब न करें। रील को इस बात को ध्यान में रखते हुए देखें। कहा कि वामपंथियों ने भारतीय परिवार की समृद्ध परंपरा को कमजोर करने की साजिश की है।
समारोह शुभारम्भ के अवसर पर सहप्रांत प्रचारक, विभाग सह संघ चालक मुकेश तोलानी, महानगर संघचालक प्रो. विक्रमा पांडेय, महानगर प्रचारक सुदीप कुमार , प्रो रमापति मिश्र, पवन पांडेय आदि ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। अवध प्रांत के सह संयोजक कुटुम्ब प्रबोधन प्रो. रमापति मिश्रा ने मातृत्व दिवस के महत्व को बताया। बदलते समय में अब महिलाएं भी आजीविका कमाती हैं, इसलिए पुरुषों को गृह कार्य में सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश तिवारी, संघ सह संपर्क प्रमुख रवि दास, एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री अंकित भारतीय, विभाग कार्यालय प्रमुख अजय तिवारी, महानगर कार्यवाह देवेन्द्र, सह कार्यवाह राहुल, सूरज, प्रज्ञा मिश्रा, प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ला, राजीव मणि पाठक, उत्कर्ष पांडेय, विस्तार राज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।