अटल जी का व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणाश्रोत : प्रवीण पटेल

अटल जी का व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणाश्रोत : प्रवीण पटेल

अटल जी का व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणाश्रोत : प्रवीण पटेल

प्रयागराज, 25 दिसंबर । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नाम जब आता है, तो उनका एक पत्रकार, साहित्यकार, कवि, राजनेता एवं एक स्वप्नदृष्टा के रूप में विराट व्यक्तित्व हमारे सामने होता है। उनका पूरा जीवन एक खुली किताब की तरह रहा। यह बात भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी के जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरूवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते बतौर मुख्य अतिथि फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने कही।

उन्होंने कहा कि अटल महान राष्ट्रवादी विचारक, युगदृष्टा, प्रखरवक्ता व सुशासन के संवाहक थे। उन्होंने प्राण प्रण से देश व समाज की सेवा की। सांसद ने कहा कि सुशासन के लक्ष्य को कैसे प्राप्त किया जा सकता है, यह अटल जी ने करके दिखाया था। लाल बहादुर शास्त्री जी द्वारा दिए गए जय जवान, जय किसान के नारे में अटल जी ने जय विज्ञान एक और कड़ी जोड़ी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर फूलपुर के सांसद ने जनपद स्तर पर निबंध, भाषण एवं काव्यपाठ प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं, प्रतिभागियों को निर्धारित धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली स्नेहा तिवारी, द्वितीय स्थान-आकांक्षा यादव एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली नव्या कुमारी को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रूपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अनुग्रह प्रताप सिंह, द्वितीय स्थान-प्रभात शुक्ला एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले निशीथ दुबे को क्रमशः 10 हजार, पांच हजार एवं दो हजार 500 रूपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह से एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साक्षी मिश्रा, द्वितीय स्थान-देवेन्द्र प्रताप सिंह एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ह्रदय मिश्रा को क्रमशः 10 हजार, पांच हजार एवं दो हजार 500 रूपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर जगत तारन इण्टर कॉलेज, राजकीय इण्टर काॅलेज, सिविल लाइन की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।