नमोघाट पर युवा शक्ति ने जगाई पर्यावरण संरक्षण की अलख, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश

नमोघाट पर युवा शक्ति ने जगाई पर्यावरण संरक्षण की अलख, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश

नमोघाट पर युवा शक्ति ने जगाई पर्यावरण संरक्षण की अलख, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश

वाराणसी, 03 जून । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने बुधवार को नमो घाट पर युवाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई। अपनी ऊर्जा और नवीन सोच के माध्यम से युवा पीढ़ी जलवायु परिवर्तन से लड़ने और एक स्थायी भविष्य सुनिश्चित करने में आगे बढ़े, ऐसी अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन भागीदारी सुनिश्चित करने का आवाह्न किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करती तख्तियों के साथ नमो घाट पर जन सामान्य को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में शामिल गंगा सेवी राजेश शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। युवा जमीनी स्तर पर व सोशल मीडिया का उपयोग करके जलवायु संकट और पर्यावरण बचाव के संदेशों को तेजी से जन-जन तक पहुंचा सकते हैं। वे वृक्षारोपण अभियानों, स्वच्छता कार्यों और अपशिष्ट प्रबंधन में सक्रिय रूप से नेतृत्व करें तो सतत जीवनशैली आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग बंद करना, जल और ऊर्जा बचाना इसके प्रमुख उदाहरण हैं। युवाओं को संदेश दिया कि आइए हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम न केवल खुद पर्यावरण के प्रति जागरूक रहेंगे, बल्कि अपने समाज और देश को भी जागरूक करेंगे। हमारा आज का छोटा सा कदम, आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ कल का निर्माण करेगा। जागरूकता अभियान में अमन, सरोज, शिवानी, अंजलि, कोमल, अंशिका, शालिनी आदि ने भागीदारी की।