लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में सख्ती, 16 कोचिंग व व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील : अंकुर कौशिक
लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में सख्ती, 16 कोचिंग व व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील : अंकुर कौशिक
कानपुर, 22 जून। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर में भी सुरक्षा मानकों को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। यह बातें सोमवार को केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने कहीं।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 16 कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। केडीए की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जोन-1 में तीन, जोन-2 में पांच, जोन-3 में तीन तथा जोन-4 में पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की गई।
अंकुर कौशिक ने बताया कि लखनऊ की दुखद घटना के बाद शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सत्यापन कराया जा रहा है। जहां भी भवन उपविधियों, अग्नि सुरक्षा मानकों अथवा अन्य आवश्यक नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 22 अन्य प्रतिष्ठानों को भी चिन्हित किया गया है। इन संस्थानों की जांच के बाद आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने, सीलबंदी करने अथवा अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सभी संस्थान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें।
केडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा एवं भवन संबंधी नियमों का अनुपालन करना होगा। चिन्हीकरण, जांच और सीलबंदी की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।