प्रेमी से विवाद हो जाने पर किशोरी ने जहर खाकर दे दी जान

प्रेमी से विवाद हो जाने पर किशोरी ने जहर खाकर दे दी जान

बांदा, 3 नवंबर । इंस्टाग्राम पर हुए प्रेम प्रसंग के चलते एक 14 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उत्तर प्रदेश में जनपद बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का प्रयागराज के रहने वाले हम उम्र किशोर से इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय हुआ था। दोनों के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के समझाने के बावजूद वह बातचीत बंद नहीं करती थी। एक वर्ष पूर्व वह किशोर के साथ घर से भाग गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर परिवार को सुपुर्द किया था।

रविवार शाम दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी बात से आहत होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब पिता खेत से लौटे तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थी। घरेलू उपचार के दौरान उसने उल्टियां कीं और कुछ समय के लिए हालत सामान्य हो गई, लेकिन रात में दोबारा स्थिति बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। सोमवार को घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी।

थानाध्यक्ष पैलानी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।