युवती और बालिका को भगा ले जाने वाला आरोपित गिरफ्तार

युवती और बालिका को भगा ले जाने वाला आरोपित गिरफ्तार

युवती और बालिका को भगा ले जाने वाला आरोपित गिरफ्तार

मीरजापुर, 07 जून । ड्रमंडगंज थाना पुलिस ने रविवार को युवती और बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 4 जून को तहरीर देकर गांव के ही युवक पर अपनी 19 वर्षीय पुत्री तथा 13 वर्षीय बालिका को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। शिकायत में बताया गया था कि 3 जून की रात करीब 11 बजे युवती और बालिका घर से बाहर गई थीं, तभी आरोपी उन्हें अपने साथ लेकर चला गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में रविवार को उपनिरीक्षक रमेश यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और महिला कांस्टेबल ज्योति की टीम ने ऊंटी गांव स्थित गड़बड़ा पुल के पास से आरोपित श्रीराम उर्फ शिवा निवासी मलीपुर नौगवां को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि युवती एवं बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपित श्रीराम उर्फ शिवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।