प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, आश्वासन मिलने पर उतरा

प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, आश्वासन मिलने पर उतरा

प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, आश्वासन मिलने पर उतरा

जौनपुर, 07 जून। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलों पाण्डेयपट्टी गांव में रविवार को एक युवक प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों, परिजनों और प्रेमिका पक्ष के समझाने पर वह नीचे उतरा। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

उत्तरगावां निवासी पवन निषाद (21) पुत्र रामदवर निषाद गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचने के बाद उसने अपने परिचितों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना पर जफराबाद थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान बताया कि वह केराकत क्षेत्र के पसेवा गांव की एक युवती से प्रेम करता है और जब तक उससे शादी का आश्वासन नहीं मिलेगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, सदर एसडीएम योगिता सिंह, लाइनबाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह, शहर कोतवाल अनिता सिंह, गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी तथा फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे।

बाद में पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर उसके चचेरे भाई को मौके पर बुलाया। क्षेत्राधिकारी ने युवक की उसके माता-पिता तथा युवती पक्ष से मोबाइल पर बात कराई। बातचीत के दौरान शादी को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गया।

एहतियात के तौर पर पुलिस ने टावर के नीचे सुरक्षा जाल लगवाया और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए। युवक के नीचे उतरते ही उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

इस मामले में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि युवक को परिजनों और युवती पक्ष से बातचीत कराकर सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उसकी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।-----------