एकतरफा प्यार में युवती की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

एकतरफा प्यार में युवती की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

एकतरफा प्यार में युवती की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में सोमवार सुबह एक युवक ने एक तरफा प्यार में युवती की चाकू से वारकर हत्या कर दी। आरोपित ने युवती पर 12 से अधिक बार वार किए। बाद में आरोपित फरार हो गया। स्थानीय लोग युवती को नजदीकी जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच मृतका की पहचान रिया (20) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम व एफएसएल मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में आरोपित आकाश (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस को दिए बयान में युवती के पिता ने बताया है कि आरोपित युवक आते-जाते उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। बेटी ने इस बारे में पिता को बताया था। इस पर पिता ने आकाश के नाना-मामा से शिकायत की थी। परिवार ने आकाश को समझाने की बात की थी। अब आरोपित ने वारदात को अंजाम दे दिया। उत्तर पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि रिया परिवार के साथ सी-ब्लॉक, नंद नगरी में रहती थी। इसके परिवार में पिता मुन्ना, मां पिंकी देवी और एक छोटा भाई रोहन है। मुन्ना दिल्ली नगर निगम में अस्थाई सफाई कर्मचारी है। रिया ने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। फिलहाल वह घर पर ही रहती थी।

सोमवार सुबह रिया के पिता मुन्ना अपनी ड्यूटी पर चले गए। इस बीच मां अपने कामों में लग गई। सुबह करीब 9.50 पर रिया मां से समोसे लेने जाने की बात कर घर से निकली थी। इस बीच डी-ब्लॉक के पास आरोपित आकाश ने रिया को घेर लिया। बातचीत करने के बाद आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।