स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग, एक घायल,अग्निशमन के नहीं थे इंतजाम,
स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग, एक घायल,अग्निशमन के नहीं थे इंतजाम,

बागपत, 12 दिसंबर। बागपत जिले की खेकडा तहसील क्षेत्र में एक स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गयी। इस आग में लाखों का सामान जल गया। एक व्यक्ति घायल हाे गया। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया । यार्ड में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं थे।
आग की घटना दिल्ली सहारनपुर हाइवे 709 बी स्थित गो ग्रीन ईएलवी हैंडलर्स स्क्रैप यार्ड में गुरुवार को हुई । सुबह के समय हुई घटना से आस पास धुंआ ही धुंआ दूर तक दिखाई दिया। लोग दहशत में नजर आए। सूचना के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दोपहर तक आग पर काबू पाया। आग से लाखों का स्क्रैप जलकर नष्ट हो गया है। यह स्क्रैप यार्ड एक भाजपा नेता के मातहत था बताया जा रहा है। यार्ड में अग्निशन के कोई इतंजाम मौके पर देखने को नहीं मिले, जबकि दमकल विभाग के अधिकारी आग से बचाव के इंतजाम होने का दम भरकर नेता जी की चापलूसी करते नजर आए।
तीन महीने पूर्व भी यहां आग की घटना हुई थी। इसके बाद भी कोई नहीं जागा। अगर यहां अग्निशमन की व्यवस्था होती तो आग की इतनी बड़ी घटना नहीं होती। इस आग में एक व्यक्ति भी घायल बताया गया है जिसका उपचार किया जा रहा है।
फटे ऑक्सीजन सिलैंडर
गुरुवार को गौ ग्रीन ई एल वी हैंडलर्स स्क्रैप में भीषण आग लगी। आग लगने से वहां स्क्रैप के रूप में आए वाहन धू धू कर जल गए। आग इतनी भयंकर थी कि यार्ड में रखे ऑक्सीजन के कई सिलेंडर भी धमाकों के साथ फट गए। सिलेंडरों के फटने के कारण दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।