ड्रोन की मदद से जंगल में आग लगाते पकड़ा गया एक व्यक्ति
ड्रोन की मदद से जंगल में आग लगाते पकड़ा गया एक व्यक्ति
रुद्रप्रयाग, 22 मई। जनपद रुद्रप्रयाग में वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं वन संपदा की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में जखोली रेंज अंतर्गत वन क्षेत्र में आग लगाने वाले एक व्यक्ति को ड्रोन निगरानी के माध्यम से चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभागीय वनाधिकारी शश रजत सुमन स्वयं ड्रोन संचालित कर वन क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। 20 मई को ड्रोन के माध्यम से जखोली रेंज के तैला कक्ष संख्या-7 में एक व्यक्ति को वन क्षेत्र में आग लगाते हुए देखा गया। घटना की सूचना तत्काल वन दरोगा, बड़मा अनुभाग व बीट अधिकारी, तैला को दी गई। विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया गया, किंतु अंधेरे एवं रात्रि का लाभ उठाकर वह मौके से फरार हो गया।
घटना के अगले दिन 21 मई को विभागीय अधिकारियों ने पुनः घटनास्थल का निरीक्षण किया स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आग लगाने की घटना ग्राम एवं पोस्ट पंद्रोला कुमड़ी, तहसील जखोली निवासी त्रिलोक सिंह जगवान पुत्र बचन सिंह द्वारा की गई थी। संबंधित व्यक्ति से पूछताछ किए जाने पर उसने वन क्षेत्र में आग लगाने की बात स्वीकार की।
इसके उपरांत वन विभाग ने आरोपित को विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 (संशोधित 2001) की धारा 26(ख) और 26(ग) के अंतर्गत वन अपराध पंजीकृत किया गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने बताया कि वन विभाग का प्राथमिक उद्देश्य आमजन के सहयोग से वनाग्नि की घटनाओं को रोकना व लोगों को जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से 5 मई से 11 मई तक “वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह” का आयोजन कर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें वनाग्नि से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि विभाग जनसहभागिता को प्राथमिकता देता है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर वन क्षेत्र में आग लगाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान फायर सीजन में अब तक 12 मामलों में गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।