मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 140 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 140 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 140 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे

प्रयागराज, 22 जून । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सहत सोमवार को सोरांव स्थित मेवालाल इंटर कॉलेज में 140 नवदम्पत्तियों का विवाह समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए अतिथियों ने उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।

समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में विकास खंड कौड़िहार के 14, श्रृंग्वेरपुर धाम के 29, भगवतपुर के 12, सोरांव के 19, होलागढ़ के 33, मऊआइमा के 30 तथा नगर पंचायत लालगोपालगंज के 3 जोड़ों सहित कुल 140 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक शहर पश्चिमी सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी एवं ब्लॉक प्रमुख सोरांव प्रदीप कुमार पासी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदम्पत्तियों को शुभाशीष प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और समाज में समानता तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रही है।

समारोह में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध कराना है। प्रदेश सरकार की इस योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है और बेटियों के विवाह को लेकर उनकी चिंताएं कम हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित यह योजना सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सभी नवदम्पत्तियों को सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं एवं उपहार भी प्रदान किए गए।

पूरे समारोह में उत्सव जैसा माहौल रहा और नवविवाहित जोड़ों के परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। योजना के प्रति लोगों ने सरकार और समाज कल्याण विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनहित की प्रभावी पहल बताया।