वाराणसी में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ डाला छठ महापर्व, घरों से घाटों तक गूंजे छठी मइया के गीत
रेलवे स्टेशनों और बाजारों में छठ गीतों की धूम, गंगा घाटों और सरोवरों के किनारे वेदी बनाने व पूजा की तैयारियां तेज
वाराणसी, 13 नवंबर लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत होते ही वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश में छठी मइया की आराधना का माहौल बन गया है। वाराणसी मंडल के रेलवे स्टेशनों से लेकर घरों और बाजारों तक छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। 'बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय...' और 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' जैसे लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
महापर्व को लेकर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों में खासा उत्साह है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में पूजन सामग्री की खरीदारी के साथ प्रसाद तैयार करने और छठ पूजा के लिए वेदी बनाने का काम शुरू हो गया है। वाराणसी में गंगा घाटों, कुंडों और सरोवरों के किनारे श्रद्धालु पूजा स्थल तैयार करने में जुटे हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी नदियों और तालाबों के किनारे वेदी बनाने तथा पूजा के लिए स्थान सुरक्षित करने की तैयारियां चल रही हैं।
नहाय-खाय से शुरू हुई चार दिवसीय पूजा
महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान-ध्यान कर भगवान सूर्य की आराधना की और चार दिवसीय व्रत का संकल्प लिया। इसके बाद आम की लकड़ी से मिट्टी के चूल्हे पर अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू की सब्जी तैयार कर छठी मइया को भोग अर्पित किया। शाम को व्रती महिलाएं इस प्रसाद को ग्रहण करेंगी और परिवार के सदस्यों के बीच वितरित करेंगी।शनिवार, 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर निर्जल उपवास रखकर छठी मइया का ध्यान करेंगी। शाम को स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रसियाव (गुड़ की खीर), घी लगी रोटी और केले का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती महिलाएं खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी और परिवार तथा अन्य लोगों में वितरित करेंगी। खरना के साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
अस्ताचलगामी और उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य
रविवार को छठ महापर्व का तीसरा दिन होगा। इस दिन व्रती महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सिर पर पूजा सामग्री से सजी देउरी लेकर गाजे-बाजे के साथ गंगा घाटों, नदियों और सरोवरों की ओर प्रस्थान करेंगी। वहां सामूहिक रूप से छठी मइया की कथा सुनने और पूजा-अर्चना के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
सोमवार को महापर्व के अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।
साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष महत्व
वाराणसी के ज्योतिषविद एवं कर्मकांडी उदयनाथ चौबे ने बताया कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला सूर्योपासना का यह महापर्व दीपावली के छठवें दिन नहाय-खाय से शुरू होता है और सप्तमी तिथि को भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होता है। व्रती महिलाएं पूरे 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करती हैं।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले प्रसाद को शुद्ध देशी घी से तैयार किया जाता है। जिन घरों में छठ का व्रत रखा जाता है, वहां चार दिनों तक लहसुन और प्याज का सेवन नहीं किया जाता। पहले दिन व्रती महिलाएं नए चावल, लौकी की सब्जी और चने की दाल ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करती हैं।
देश ही नहीं, विदेशों तक पहुंची छठ की लोक आस्था
उल्लेखनीय है कि डाला छठ अब बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की सीमाओं से आगे निकलकर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में भी व्यापक रूप से मनाया जाने लगा है। सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति सम्मान, परिवार की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना से जुड़ा यह महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की विशिष्ट पहचान बन चुका है। छठ के पारंपरिक गीतों, सामूहिक पूजा और कठिन तपस्या के माध्यम से लोक आस्था की यह परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही है।