यूपीपीएससी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा में 3063 अभ्यर्थी रहे गैरहाजिर, 14 केंद्रों पर 2572 ने दी परीक्षा

झांसी में 5635 अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए थे 14 परीक्षा केंद्र, सीसीटीवी निगरानी और मजिस्ट्रेटों की तैनाती के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा।

यूपीपीएससी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा में 3063 अभ्यर्थी रहे गैरहाजिर, 14 केंद्रों पर 2572 ने दी परीक्षा

झांसी, 04 अक्टूबर

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 रविवार को जिले के 14 केंद्रों पर एक पाली में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चली परीक्षा में 5635 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, लेकिन 2572 उपस्थित रहे, जबकि 3063 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। मोबाइल, घड़ी समेत किसी भी इलेक्ट्रानिक उपकरण को केंद्र में ले जाने पर रोक रही। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू मिले।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल और एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय समेत कई केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह ने रेलवे स्टेशन की हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और परीक्षार्थियों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान टीपीओ दिनेश सिंह राजपूत, कमांडेंट पीआरडी शिवराम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल, पुलिस बल सहित केंद्र व्यवस्थापक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।