कौशल और नवाचार ही युवाओं की सबसे बड़ी शक्ति, भारत बन सकता है वैश्विक नवाचार का नेतृत्वकर्ता : प्रो. आर. पी. तिवारी
विश्व युवा कौशल दिवस पर एबीवीपी सविष्कार ने कराया नवाचार एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र का परिचय
प्रयागराज, 14 जुलाई। आज के समय में कौशल और नवाचार ही युवाओं की सबसे बड़ी शक्ति है। उक्त बातें मंगलवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज स्थित इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन हब एमएनएनआईटी फाउंडेशन (आईआईएचएमएफ) में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम सविष्कार द्वारा प्रयाग महानगर में नवाचार एवं स्टार्टअप परिचय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एवं आईआईएचएमएफ के निदेशक प्रो. आर. पी. तिवारी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी समाज और राष्ट्र की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान विकसित करने की दिशा में कार्य करें, तो भारत वैश्विक नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से सृजनात्मक सोच, अनुसंधान और उद्यमिता को अपनाने का आह्वान किया।
आमंत्रित वक्ता डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समन्वय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा आधुनिक अनुसंधान और नवाचार के लिए आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध, जिज्ञासा एवं प्रयोग की संस्कृति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अभियांत्रिकी एवं चिकित्सा जैसी व्यावसायिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. राम कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), आईआईएचएमएफ ने स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र, इनक्यूबेशन, उद्यमिता एवं नवाचार के विभिन्न आयामों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने नवाचारी विचारों को व्यवहारिक परियोजनाओं एवं सफल उद्यमों में परिवर्तित करने हेतु उपलब्ध अवसरों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से अवगत कराया।
सविष्कार के प्रांत संयोजक ज्ञान प्रकाश ने कहा कि सविष्कार का संकल्प प्रत्येक परिसर को नवाचार का केंद्र, प्रत्येक विद्यार्थी को शोध का वाहक तथा प्रत्येक युवा को विकसित भारत का निर्माता बनाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, वैज्ञानिक चिंतन और आधुनिक नवाचार के समन्वय से ही भारत आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर होगा।
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम सविष्कार द्वारा प्रयाग महानगर में नवाचार एवं स्टार्टअप परिचय कार्यक्रम का आयोजन मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज स्थित इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन हब एमएनएनआईटी फाउंडेशन (आईआईएचएमएफ) में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को कौशल विकास, नवाचार, अनुसंधान तथा स्टार्टअप संस्कृति से परिचित कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने आईआईएचएमएफ की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, नवाचार सुविधाओं तथा इनक्यूबेशन केंद्र का अवलोकन किया और स्टार्टअप की स्थापना एवं विकास की प्रक्रिया को निकट से समझा। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि प्रो. आर. पी. तिवारी, आमंत्रित वक्ता डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह, डॉ. राम कुमार मिश्रा, आईआईएचएमएफ के समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सभी प्रतिभागियों से नवाचार एवं कौशल विकास की इस यात्रा से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अमन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर आदित्य यादव, निहारिका, दीपक मिश्रा, सुधाकर पाण्डेय सहित अनेक विद्यार्थी, शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।