यूपी में फिर बदलेगा मौसम! 6 से 9 अक्टूबर तक बारिश-गरज के आसार, 7-8 को बिजली गिरने की चेतावनी

मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत, 4 और 5 अक्टूबर को रहेगा शुष्क मौसम; 10 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना।

यूपी में फिर बदलेगा मौसम! 6 से 9 अक्टूबर तक बारिश-गरज के आसार, 7-8 को बिजली गिरने की चेतावनी

प्रयागराज, 04 अक्टूबर।उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव का दौर जारी है। मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी अगले सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 9 अक्टूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 10 अक्टूबर को कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। चार और पांच अक्टूबर को मौसम के सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

वर्तमान पूर्वानुमान में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई व्यापक मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसा भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की वापसी के बाद वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं बादल बनने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि 6 से 9 अक्टूबर के बीच विशेषकर गरज-चमक के समय लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। खुले स्थानों पर रहने से बचें और आकाशीय बिजली की स्थिति में पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 04 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 05 अक्टूबर को भी अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है। 6, 7, 8 और 9 अक्टूबर को कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा की संभावना है।

मौसम संबंधी चेतावनी में 7 और 8 अक्टूबर को कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को मौसम के बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने फिलहाल पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए 4 से 10 अक्टूबर तक कोई व्यापक चेतावनी जारी नहीं की है।

डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि अक्टूबर में दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी। बारिश का प्रभाव स्थानीय स्तर पर अलग-अलग हो सकता है, इसलिए मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखना बेहतर होगा।