शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्फूर्ति और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ाते हैं खेल : कर्नल विनय कुमार

मुक्त विश्वविद्यालय में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया खेल दिवस, 100 मीटर दौड़, पैदल चाल, शतरंज और लंबी कूद प्रतियोगिताएं हुईं

शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्फूर्ति और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ाते हैं खेल : कर्नल विनय कुमार

प्रयागराज, 29 अगस्त । खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेलों में भागीदारी जरूरी है। यह बातें शनिवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कहीं।

उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।

खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता पुरुष, महिला, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र वर्ग में आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।

इसके अलावा पैदल चाल, शतरंज और लंबी कूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच हुई रस्साकशी प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। रस्साकशी के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर ज्ञान प्रकाश यादव ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता, प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी, प्रोफेसर पी.के. स्टालिन, प्रोफेसर संतोष कुमार, प्रोफेसर संजय कुमार सिंह, प्रोफेसर जेपी यादव और प्रोफेसर दिनेश सिंह समेत विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विश्वविद्यालय में समारोह आयोजित कर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। खेल दिवस के आयोजन से विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।