रायबरेली को 878 करोड़ की सौगात, 346 परियोजनाओं से मिलेगी विकास को गति
रायबरेली को 878 करोड़ की सौगात, 346 परियोजनाओं से मिलेगी विकास को गति
रायबरेली, 24अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में सोमवार को 879 करोड़ रुपये की सौगात दी। इसमें 346 विकास परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी ने रायबरेली, हरचंदपुर व ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 879 करोड़ रुपये की 346 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया है।
फ़िरोज़ गांधी कॉलेज के मैदान में आयोजित एक जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुल 624 करोड़ रुपये की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। 277 करोड़ रुपये की 162 नई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
घुमंतू समुदाय से आने वाले सपेरों के 60 से अधिक परिवारों को आवासीय पट्टे भी मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में लोगों को सौगातों की बौछार करते हुए यहां विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खाते मे 19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी व लाभार्थियों को भी आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र व चाबी आदि भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकार्पण व शिलान्यास की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में 36 करोड़ से अधिक की महराजगंज-इन्हौना मार्ग का सुदृढ़ीकरण, 24 करोड़ से अधिक की राशि से पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल (जी प्लस 12) का निर्माण, 21 करोड़ से अधिक की कुंदनगंज व पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री ने 24-24 करोड़ से अधिक की लागत से शिवगढ़ विकास खंड के ओसाह ग्राम तथा बेला-भेला में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने तीन करोड़ रुपये से हरचंदपुर में खीरों-पाहो संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 4.10 मीटर स्पान आरसीसी बॉक्स पुलिया के निर्माण का शिलान्यास भी किया।