उपनिरीक्षक 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपित को दबोचा

उपनिरीक्षक 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार


प्रयागराज, 18 जुलाई । भ्रष्टाचार के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन संगठन प्रयागराज मंडल ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक उपनिरीक्षक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिखरफ्तार आरोपित के खिलाफ शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन टीम के अनुसार, सोरांव थाना क्षेत्र के गहरपुर गांव निवासी उदयराज पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मुकदमे की फाइल का निस्तारण कराने के एवज में सोरांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक संयम जायसवाल द्वारा 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

शनिवार को प्रयागराज शिकायतकर्ता को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार भेजा गया। सोरांव स्थित चाय-पान की दुकान के सामने जैसे ही आरोपित ने 25 हजार रुपये की पहली किस्त रिश्वत के रूप में ली, एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित मूलरूप से सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र के परहरपुर गांव निवासी संजय जायसवाल पुत्र महेन्द्र प्रताप जायसवाल है।

गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन संगठन से करें। शिकायत मिलने पर त्वरित एवं गोपनीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।