प्रयागराज में 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे अधिकारी
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दी जानकारी। स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं के लाभ को पात्र लोगों तक पहुंचाने पर रहेगा जोर।
प्रयागराज, 16 सितंबर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन से एक माह यानी 17 अक्टूबर तक जिले में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अधिकारी गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनसामान्य से संवाद करेंगे। लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा। यह जानकारी बुधवार को प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिकारियों की ओर से स्वच्छता अभियान, नदी घाटों की सफाई, स्वास्थ्य शिविर, खेलकूद, विद्यालयों में कार्यक्रम, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने सहित कई गतिविधियां आयाेजित की जाएंगी।
अभियान में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने, स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहित करने और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना है।
इसके अलावा पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई, प्रमुख स्थलों के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी लोगों तक पहुंचाने, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने की गतिविधियां भी अभियान में शामिल हैं।
अभियान के दौरान अधिकारियों को निर्धारित क्षेत्रों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने और लोगों से सीधा संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में सेवा संकल्प अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। अधिकारी गांवों में जाकर लोगों से संवाद करें और उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित कराएं। अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कराया जाए।