प्रयागराज में 17 सितंबर को होगा ‘पाकिटमार रंगमंडल’ नाटक का मंचन, अपराध छोड़ रंगमंच से जुड़ने की कहानी

आस्था समिति के आयोजन में असगर वजाहत के लिखे नाटक का मंचन शाम 6 बजे उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में होगा। नाटक समाज में व्यक्ति की नई पहचान और उसके अतीत से जुड़े पूर्वाग्रहों को दर्शाएगा।

प्रयागराज में 17 सितंबर को होगा ‘पाकिटमार रंगमंडल’ नाटक का मंचन, अपराध छोड़ रंगमंच से जुड़ने की कहानी

प्रयागराज, 16 सितंबर । आस्था समिति के तत्वावधान में चर्चित नाटककार असगर वजाहत द्वारा लिखित और शरद कुशवाहा के निर्देशन में तैयार नाटक‘पाकिटमार रंगमंडल’ का मंचन गुरुवार, 17 सितंबर को शाम छह बजे उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में किया जाएगा।

आस्था समिति के महासचिव मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि नाटक एक ऐसे नवयुवक की कहानी पर आधारित है, जो शुरुआत में जेबकतरा होता है। एक नाटक से प्रभावित होकर उसके जीवन में बदलाव आता है और वह अपराध की दुनिया छोड़कर रंगमंच से जुड़ जाता है। बाद में वह अपनी रंगमंडली बनाता है, जिसका नाम ‘पाकिटमार रंगमंडल’ रखता है।

नाटक के माध्यम से यह दिखाया गया है कि जब कोई व्यक्ति अपराध का रास्ता छोड़कर नई जिंदगी शुरू करना चाहता है, तब भी समाज उसे उसके अतीत के नाम से ही पहचानता रहता है। नाटक यह संदेश देता है कि किसी व्यक्ति का अतीत उसकी पहचान का एक हिस्सा हो सकता है, लेकिन उसे उसके पूरे जीवन की सजा नहीं होना चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी होंगे। विशिष्ट अतिथियों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार की सहायक निदेशक डॉ. विभा मिश्रा, वरिष्ठ चित्रकार एवं रंगकर्मी अजामिल व्यास, वरिष्ठ लोक नाट्यविद् अतुल यदुवंशी और वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद बंसल शामिल होंगे।