प्रयागराज में सड़क मरम्मत पर नगर आयुक्त सख्त, बोले—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता से कराएं मरम्मत, गुणवत्ता की जांच के साथ तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश।
प्रयागराज, 16 सितंबर । सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह निर्देश बुधवार को नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने सड़क एवं पैच मरम्मत कार्यों की समीक्षा और मौके पर निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उसकी गुणवत्ता और सड़क की स्थिति का परीक्षण भी कराया जाए। कार्यस्थलों की लगातार निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे कराना सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत में मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मरम्मत के बाद सड़क लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहे। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राम सक्सेना, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।