रेलवे महिला कल्याण संगठन ने बच्चों की कराई निबंध प्रतियोगिता, 3 आयु वर्गों में दिखी रचनात्मक प्रतिभा
सूबेदारगंज रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने लिया हिस्सा; लेखन, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति को मिला मंच
प्रयागराज, 13 सितंबर । उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, मुख्यालय प्रयागराज की ओर से रविवार को रेलवे अधिकारी क्लब, सूबेदारगंज में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें मुख्यालय में कार्यरत अराजपत्रित कर्मचारियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में कराई गई।
पहले समूह में 6 से 9 वर्ष, दूसरे में 10 से 12 वर्ष और तीसरे समूह में 13 से 15 वर्ष आयु के बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने निर्धारित विषयों पर अपनी रचनात्मकता और लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता रेलवे महिला कल्याण केंद्रीय संगठन, नई दिल्ली की ओर से आयोजित अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता के तहत कराई गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में लेखन प्रतिभा, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति की क्षमता को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष हीमा सिंह, सचिव साधना कुमार, श्रीमती श्वेता सिन्हा, श्रीमती रजनी चंद्रायन, श्रीमती राखी द्विवेदी, श्रीमती भावना सिंह और श्रीमती तनु शर्मा ने प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करती हैं। रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।