प्रयागराज में मायके में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दिल्ली से तीन दिन पहले लौटी थी
प्रयागराज: मायके में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज, 12 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव में रविवार को मायके में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका पाया गया। महिला तीन दिन पूर्व दिल्ली से आयी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि रविवार को मऊआइमा थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव निवासी अमलेश पटेल की 26 वर्षीय बेटी अर्चना देवी पटेल पत्नी महेश पटेल का शव घर के अन्दर फंदे से लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि वह दिल्ली शहर में एक चिटफंड कम्पनी में नौकरी करती थी। जहां से वह घर तीन दिन पहले आई है। परिवार वालों ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र के छाता गांव निवासी महेश पटेल के साथ शादी हुई थी। लेकिन शादी के छह महीने बाद पति-पत्नी में विवाद होने के बाद वह मायके में ही रह रही थी। लगभग दो वर्ष से वह दिल्ली स्थित एक चिटफंड कम्पनी में नौकरी करती थी।