योगी सरकार में डीबीटी से सीधे खातों में पहुंच रहा योजनाओं का लाभ, अखिलेश यादव जनता को कर रहे गुमराह : नरेंद्र कश्यप
प्रयागराज: मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले- डीबीटी से पारदर्शी तरीके से मिल रहा योजनाओं का लाभ
प्रयागराज, 12 जुलाई । उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने रविवार को प्रयागराज चन्द्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं, जबकि योगी सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में किसानों, गरीबों, दिव्यांगजनों, विधवाओं और वृद्धजनों को भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में प्रयागराज एवं चित्रकूट धाम मंडल के विभागीय अधिकारियों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में नरेंद्र कश्यप ने कहा कि पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से नहीं पहुंच पाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
राज्य मंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इससे पहले आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित सभी वार्षिक लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत पूरा किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण, छात्रावास सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार लाभान्वित हो सकें।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा के दौरान दिव्यांग पेंशन, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, दिव्यांगजन विवाह अनुदान, कॉक्लियर इम्प्लांट, दुकान निर्माण योजना, बचपन डे-केयर सेंटर तथा समेकित विशेष विद्यालयों सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में ऐसे पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें शीघ्र पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सरकार पिछड़ा वर्ग के लिए मुख्यमंत्री डिजिटल प्रशिक्षण योजना, मुख्यमंत्री छात्रावास निर्माण योजना तथा मुख्यमंत्री तकनीकी दक्षता प्रशिक्षण योजना शुरू करने की दिशा में भी कार्य कर रही है और इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार बचपन डे-केयर सेंटर से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है। साथ ही दिव्यांग बालिकाओं को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पिछड़े वर्ग एवं दिव्यांगजनों को सशक्त बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
बैठक में काशी क्षेत्र पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह पटेल, प्रयागराज एवं चित्रकूट धाम मंडल के सभी जिला दिव्यांगजन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।