'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: प्रयागराज में महापौर गणेश केसरवानी ने 1000 पौधे लगाए

हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो प्रयागराज बनेगा हरित और प्रदूषणमुक्त शहर : गणेश केसरवानी

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: प्रयागराज में महापौर गणेश केसरवानी ने 1000 पौधे लगाए

प्रयागराज, 12 जुलाई । यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में प्रयागराज हरित, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त शहर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। यह बातें रविवार को प्रयागराज नगर निगम के वृहद पौधरोपण कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित करता है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। बड़े होकर यही वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, छाया और संतुलित पर्यावरण प्रदान करेंगे। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर के नेतृत्व में 1.5 एकड़ भूमि पर लगभग 1000 पौधे लगाए गए। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती दीपिका जैसल सहित पार्षद राजू शुक्ला, सुमित निषाद, किरण जायसवाल, अन्नू घड़ियाल, शिवसेवक सिंह पटेल, गुलाब पटेल, पंकज जायसवाल, बबलू रघुवंशी, भोला तिवारी, विश्वास रावत, अरुण चौहान, दीनानाथ कुशवाहा, ज्ञान बाबू केसरवानी, रॉबिन साहू एवं मुकेश कसेरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मौर्य, अवर अभियंता राम सक्सेना, अवर अभियंता विनोद पटेल, गिरीश कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। नगर निगम का यह अभियान शहर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।