प्रयागराज: मांडा खास में 2 नवंबर को लगेगा रोजगार महोत्सव, 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका
प्रयागराज: मांडा खास में 2 नवंबर को लगेगा रोजगार महोत्सव, 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका
प्रयागराज, 27 अक्टूबर । युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत दो नवंबर को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय पॉलिटेक्निक, मांडा खास परिसर में एक दिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और राजकीय पॉलिटेक्निक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां तीन हजार से अधिक पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने मंगलवार काे बताया कि रोजगार महोत्सव दो नवंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीबीए, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, अंकपत्रों और जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है।
राजीव कुमार यादव ने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समय से पंजीकरण कराएं और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें। उन्होंने कहा कि रोजगार महोत्सव के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। मेले में प्रतिभाग करने के लिए यात्रा भत्ते की व्यवस्था नहीं है।