इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फूड टेक्नोलॉजी से पीएचडी का मौका, 19 नवंबर को होगी शोध अभिरुचि परीक्षा
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फूड टेक्नोलॉजी से पीएचडी का मौका, 19 नवंबर को होगी शोध अभिरुचि परीक्षा
प्रयागराज, 27 अक्टूबर । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के व्यावसायिक अध्ययन संस्थान के खाद्य प्रौद्योगिकी केंद्र में पीएचडी प्रवेश-2026 के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। शोध अभिरुचि परीक्षा और साक्षात्कार 19 नवंबर को आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज चार नवंबर तक ईमेल के माध्यम से जमा करने होंगे।
विश्वविद्यालय के खाद्य प्रौद्योगिकी केंद्र की ओर से 26 अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार, अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र की सॉफ्ट कॉपी farlcft@allduniv.ac.in पर भेजनी होगी। इसके बाद 19 नवंबर को केंद्र के कार्यालय में उपस्थित होकर शोध अभिरुचि परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल होना होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र और सभी संलग्नकों की हार्ड कॉपी दस्तावेज सत्यापन के लिए साथ लानी होगी। साथ ही, किसी चयनित शोध विषय पर संक्षिप्त शोध प्रस्ताव तैयार करना होगा और उस पर 10 मिनट की पीपीटी प्रस्तुति भी देनी होगी।
सूची में जेआरएफ, नेट एवं पीएचडी और छूट प्राप्त या अंशकालिक श्रेणी के कुल 15 अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। जेआरएफ श्रेणी में किंशुक सिंह का नाम है। नेट अथवा पीएचडी श्रेणी में तुषार अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, आकांक्षा, स्वाति, आयुषी पाठक, श्रेया त्रिपाठी, अमित चौहान, जायनब यासीन, सन्नो बानो, अंशुमाली, तपस्या राज, पीयूष माथुर और दीक्षा चौधरी शामिल हैं। छूट प्राप्त/अंशकालिक श्रेणी में निकिता राज का नाम दर्ज है।
केंद्र की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय तक दस्तावेज जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पीएचडी में प्रवेश संबंधित श्रेणी और इकाई में उपलब्ध सीटों तथा अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर दिया जाएगा।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर का कहना है कि पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा का पालन करते हुए आवेदन पत्र और सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने चाहिए। शोध प्रस्ताव और प्रस्तुति के माध्यम से अभ्यर्थियों की शोध में रुचि और तैयारी का आकलन किया जाएगा। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करें।