प्रयागराज में मलाका-स्टेनली रोड छह लेन सेतु को लेकर बड़ा अपडेट, 25 नवंबर से एक लेन पर दौड़ेंगे वाहन
मलाका से स्टेनली रोड तक बन रहे छह लेन सेतु की दाहिनी लेन 25 नवंबर और बाईं लेन 25 दिसंबर तक शुरू करने का लक्ष्य, निर्माण में तेजी के निर्देश।
प्रयागराज, 06 अक्टूबर । मलाका से स्टेनली रोड तक निर्माणाधीन छह लेन सेतु का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कर यातायात संचालन शुरू कराया जाए। यह सेतु प्रयागराज की गरिमा में चार चांद लगाएगा और शहर के यातायात को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह निर्देश शहर उत्तरी विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी ने मंगलवार को सेतु के निरीक्षण के दौरान दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और यातायात संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
इस पर सहायक अभियंता वरुण वार्ष्णेय ने विधायक को आश्वासन दिया कि 25 नवंबर तक सेतु की दाहिनी लेन और 25 दिसंबर तक बाईं लेन पर हर हाल में यातायात संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा के अनुसार निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए टीम लगातार काम कर रही है।
विधायक ने कहा कि छह लेन सेतु के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और शहर के यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता वरुण वार्ष्णेय, तकनीकी टीम, सुनील सिंगला सहित निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक प्रतिनिधि अरुण शुक्ला के अनुसार निरीक्षण के दौरान प्रांशु त्रिपाठी, विमल मिश्रा, देव विनायक, भानू पटेल, आकाश, सोनू जायसवाल, आशू शुक्ला, मोहित पांडेय, शानू भट्ट, सारिका शर्मा, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।