मखाना की खेती से किसानों की आय बढ़ाने का अवसर, प्रयागराज 4-5 जुलाई को होगा प्रशिक्षण
मखाना की खेती से किसानों की आय बढ़ाने का अवसर, प्रयागराज 4-5 जुलाई को होगा प्रशिक्षण
प्रयागराज, 03 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मखाना की खेती से किसानों की आय बढ़ाने का अवसर आया है। इसकी खेती करने के लिए 4-5 जुलाई को दो दिवसीय प्रशिक्षण कराया जाएगा। इस अवसर का लाभ पाने के लिए इच्छुक किसान आनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी शुक्रवार को जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा देने के लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा मखाना विकास योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर मखाना की वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की। इच्छुक किसान विकास भवन स्थित जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय (कक्ष संख्या-85) में उपस्थित होकर प्रशिक्षण एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान के नाम उपयुक्त भूमि होना आवश्यक है तथा उसे औद्यानिक फसलों की प्रारंभिक तकनीकी जानकारी भी होनी चाहिए। किसानों को dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण के बाद किसानों को सात दिनों के भीतर खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो सहित आवश्यक अभिलेख जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन में जमा करने होंगे। समय पर दस्तावेज जमा न करने पर आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण में भाग लेकर मखाना जैसी लाभकारी फसल को अपनाने और अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।