जगन्नाथ रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

जगन्नाथ रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

जगन्नाथ रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 13 जुलाई । आगामी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए महापौर उमेश चन्द्र (गणेश) केसरवानी ने सोमवार को पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिली खामियों पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क, सीवर, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, पेड़ों की छंटाई, लटके विद्युत तारों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत एडीसी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित मोड़ से हुई। यहां अनियमित रूप से बने स्पीड ब्रेकर को दुर्घटना की आशंका का कारण बताते हुए महापौर ने उसे मानकों के अनुरूप तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके बाद धरकार बस्ती के पास जलभराव और कबाड़ मिलने पर सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।

शंकर लाल भार्गव रोड पर निर्माण सामग्री का मलबा और पेड़ों की लटकी डालियां हटाने, पूरे यात्रा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सीवर चैंबरों के ढक्कन बदलने तथा कन्हैयालाल विद्या मंदिर, डाट के पुल के नीचे निर्माणाधीन अंडरपास, मुट्ठीगंज चौराहा, हटिया चौराहा, पंचमुखी महादेव मंदिर और सत्ती चौराहे के आसपास मिली विभिन्न कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर करने के निर्देश भी दिए गए।

महापौर ने कटघर चौराहे से काशीराज नगर गेट तक क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण शीघ्र कराने के आदेश दिए। साथ ही काशीराज नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत के लिए तत्काल आगणन तैयार करने के निर्देश भी संबंधित अभियंताओं को दिए। महापौर ने कहा कि "जगन्नाथ रथ यात्रा प्रयागराज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान पार्षद नीरज गुप्ता, रूद्रसेन जायसवाल, शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, जलकल विभाग, जोनल अधिकारी, अभियंता, सफाई एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।