प्रयागराज मंडल में जुलाई भर चला टिकट चेकिंग अभियान, 93 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए, 8.86 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

बिना टिकट, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज और गंदगी फैलाने वालों पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई

प्रयागराज मंडल में जुलाई भर चला टिकट चेकिंग अभियान, 93 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए, 8.86 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

प्रयागराज, 04 अगस्त । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में जुलाई माह के दौरान चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 93,692 यात्रियों से 8 करोड़ 86 लाख 52 हजार 701 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह जानकारी मंगलवार को प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चले अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक किए सामान ले जाने तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 38,958 बिना टिकट यात्रियों से 4 करोड़ 50 लाख 18 हजार 656 रुपये, 51,708 अनियमित टिकट वाले यात्रियों से 4 करोड़ 7 लाख 64 हजार 605 रुपये, 20 अनबुक्ड लगेज मामलों में 4,905 रुपये तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले 3,006 यात्रियों से 28 लाख 64 हजार 535 रुपये का जुर्माना वसूला गया।



उन्हाेंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि रेल परिसरों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है। कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और किसी भी प्रकार की अनियमितता या असुविधा की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।