कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादाबाद रेल मंडल ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के किए व्यापक प्रबंध

-कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हरिद्वार एवं ऋषिकेश

कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादाबाद रेल मंडल ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के किए व्यापक प्रबंध

मुरादाबाद, 04 अगस्त  श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की एवं योगनगरी ऋषिकेश सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष यात्री सेवा एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं।

यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरिद्वार एवं योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर मेडिकल हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्टेशन परिसरों में लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान, प्लेटफॉर्म परिवर्तन तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय-समय पर प्रसारित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को सही जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर स्थापित यात्री सहायता केंद्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, गंतव्य तथा रेलवे से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही वाणिज्य विभाग द्वारा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल, शर्बत एवं फ्रूट जूस का वितरण नियमित रूप से किया जा रहा है, जिससे भीषण गर्मी एवं यात्रा के दौरान उन्हें राहत मिल सके।

कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल, वाणिज्य विभाग, टिकट जांच स्टाफ तथा सिविल डिफेंस, मुरादाबाद मंडल की टीमें पूरे समर्पण के साथ यात्रियों की सेवा में लगी हुई हैं। ये टीमें विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं एवं जरूरतमंद यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर मार्गदर्शन देने, व्हीलचेयर उपलब्ध कराने, फुटओवर ब्रिज पार कराने तथा ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ने एवं उतरने में लगातार सहायता प्रदान कर रही हैं।