लूटकांड का खुलासा: पांच आरोपित गिरफ्तार, लूट का सामान और नकदी बरामद
लूटकांड का खुलासा: पांच आरोपित गिरफ्तार, लूट का सामान और नकदी बरामद
प्रयागराज, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित धूमनगंज एवं पूरामुफ्ती थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से लूट की छह जोड़ी बिछिया, 19 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड तथा दो मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी ।
उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2026 को जयंतीपुर, सुलेमसराय निवासी योगेश कुमार वर्मा दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुलेमसराय पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया था। घटना के बाद थाना धूमनगंज में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नेहरू पार्क मैदान, धूमनगंज क्षेत्र से वकास, दिलशाद, मोहम्मद अरमान, रिशू सोनी और सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वकास, दिलशाद और मोहम्मद अरमान ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी का एक हिस्सा थाना पूरामुफ्ती क्षेत्र में चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त हुआ था।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से लूट की छह जोड़ी बिछिया, 19 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी धूमनगंज धनंजय पांडेय एवं थाना प्रभारी पूरामुफ्ती अविनाश सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।