सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत, बेटी जख्मी
सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत, बेटी जख्मी
प्रयागराज, 03 जुलाई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को किसी वाहन की टक्कर लगने से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में बेटी जख्मी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मृत महिला के पति पुलिस विभाग में तैनात उपनिरीक्षक के पद पर हमीरपुर में तैनात हैं।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में मृत महिला रेनू सिंह उर्फ बेबी (47) मूलरूप से बलिया की निवासी हैं। हालांकि वर्तमान में शहर के करेली थाना क्षेत्र में स्थित बेनीगंज में खुद के आवास में रह रही थी। उनके पति वर्तमान में हमीरपुर में तैनात हैं। वह खुद हाईकोर्ट में वकालत भी करती थी। परिवार के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को रेनू सिंह अपनी बेटी के साथ स्कूटी से सत्संग में शामिल होने के लिए सदर बाजार कैंट थाना क्षेत्र में जा रही थी। रास्ते में बहुगुणा मार्केट के पास किसी वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। हादसे में रेनू सिंह की जान चली गई, जबकि बेटी घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। हादसे की सूचना परिवार को दे दी गई है।