प्रयागराज में रक्तदान शिविर: मंत्री नंदी और जिलाधिकारी ने किया रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में शिविर; करीब 25 लोगों ने रक्तदान के लिए कराया पंजीकरण।

प्रयागराज में रक्तदान शिविर: मंत्री नंदी और जिलाधिकारी ने किया रक्तदान

रक्तदान महादान, जरूरतमंदों का जीवन बचाने में आएगा काम : नंद गोपाल गुप्ता नंदी
प्रयागराज, 17 सितंबर । रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के लिए यह जीवन बचाने का माध्यम बनता है। समाज के लोगों को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। यह संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय रक्त केंद्र, तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में आयोजित शिविर में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने भी रक्तदान किया। शिविर में शहर पश्चिम विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह भी मौजूद रहे। रक्तदान के बाद मंत्री, विधायक और जिलाधिकारी ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने भी स्वैच्छिक रक्तदान किया। यह उनका नौवां रक्तदान रहा। डॉ. शैनी तिवारी, डॉ. कल्पना मिश्रा, एमपीवीएम विद्यालय की व्याख्याता, कुमारी पल्लवी पाण्डेय सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान किया। पल्लवी पाण्डेय पैरामेडिकल की छात्रा हैं और उन्होंने चौथी बार रक्तदान किया।

शिविर में चिकित्सालय के चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों सहित करीब 25 लोगों ने रक्तदान के लिए नामांकन कराया। आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद मानक के अनुरूप पाए गए लोगों से रक्तदान कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन रक्त केंद्र के स्टोर प्रभारी हेमंत शुक्ला ने किया। समापन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भावना शर्मा, अधीक्षक डॉ. प्रशांत पाण्डेय और राजकीय रक्त केंद्र के प्रभारी डॉ. उत्तम सिंह की मौजूदगी में हुआ।

इस अवसर पर रक्त केंद्र के हेमंत शुक्ला, संजय सिंह, संदीप मिश्रा, सुशील, उपासना, विभा मिश्रा, डॉ. सुमित, अभिनव यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।