ST समाज को भाजपा ने दिया सम्मान और अधिकार, विद्या भूषण गौंड बोले- 2027 के लिए मजबूती से जुटें कार्यकर्ता

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विद्या भूषण गौंड ने प्रयागराज में कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

ST समाज को भाजपा ने दिया सम्मान और अधिकार, विद्या भूषण गौंड बोले- 2027 के लिए मजबूती से जुटें कार्यकर्ता

प्रयागराज, 12 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने अनुसूचित जनजाति समाज को वास्तविक सम्मान और अधिकार देने का काम किया है। आज आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति के रूप में आसीन हैं। उक्त बातें शनिवार को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विद्या भूषण गौंड ने कहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुसूचित जनजाति समाज को वास्तविक सम्मान और अधिकार देने का काम किया है। आज आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति के रूप में आसीन हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जितना काम किया है, उतना लंबे समय तक देश पर शासन करने वाली पूर्ववर्ती सरकारों ने नहीं किया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा आदिवासी समाज को छलने का काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रयागराज में अनुसूचित जनजाति समाज की जितनी संख्या है, उसके अनुरूप पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा।

उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के लोगों से निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष विद्या भूषण गौंड का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष राजेश गोंड, आरती गोंड, अमित गोंड सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।