दधिकांदो मेला सलेम सराय से पहले महापौर गणेश केसरवानी सख्त, बोले- हर व्यवस्था पूरी करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मेला क्षेत्र के निरीक्षण में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश। 10 अस्थायी शौचालय और 15 पेयजल टैंकर लगाने की मांग पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रयागराज, 12 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में होने वाले दाधिकान्दों मेला सलेम सराय में श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने शनिवार को मेला क्षेत्र और चौकी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को दिए।
महापौर ने कहा कि मेला मार्ग और उससे जुड़ी गलियों में सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, शौचालय और आवागमन की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। जहां भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और मेला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मेला कमेटी ने बताया कि मेला मार्ग से जुड़ी गलियों की सफाई, मार्ग की मरम्मत और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है। कुछ स्थानों पर पड़े मलवे को हटाने, सफाई व्यवस्था और मार्ग प्रकाश को और बेहतर करने की मांग की गई। कमेटी ने चिन्हित स्थानों पर 10 अस्थायी शौचालय और 15 पेयजल टैंकर लगाने का भी अनुरोध किया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला मार्ग पर जहां बिजली के तार नीचे या लटके हुए हैं, उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए। खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदला जाए और जहां स्थायी प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां अतिरिक्त अस्थायी प्रकाश की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि रात में मेला क्षेत्र और आने-जाने वाले मार्गों पर किसी भी स्थिति में अंधेरा नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने मलवा और कूड़ा तत्काल हटाने, कीटनाशक का छिड़काव कराने तथा चोक सीवर और नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। सीवर लाइन में लीकेज वाले स्थानों को चिन्हित कर ठीक करने और टूटे सीवर ढक्कनों को बदलने को कहा। जरूरत वाले स्थानों पर पैचवर्क कराकर सड़कों को आवागमन के लिए सुगम बनाने के निर्देश भी दिए।
पेयजल और शौचालय की व्यवस्था पर जोर
महापौर ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर और अस्थायी शौचालय लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टैंकर ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं, जहां श्रद्धालुओं को आसानी से पानी मिल सके। शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मेला मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशुओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात में किसी तरह की बाधा न हो।
महापौर ने कहा कि मेला कमेटी और नगर निगम के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें। आयोजन के दौरान भी नगर निगम की टीमें सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करें।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सादाब असलम, अधिशासी अभियंता अनिल मौर्य, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर अरविंद, सफाई निरीक्षक अंकित, अविनाश, अवर अभियंता राकेश विश्वकर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेला कमेटी की ओर से अध्यक्ष पीयूष केसरवानी, प्रेम नारायण केसरवानी, नरेंद्र खेड़ा, सुनील केसरवानी, राकेश जैन, कामिनी कुशवाहा, शिवा भारतीय, सुनीता सिंह, दीपिका पटेल, मासूम केसरवानी, दिग्विजय सिंह, शिवसेवक सिंह, पार्षद दिलीप कुशवाहा, पार्षद राममिलन, जिला कोषाध्यक्ष राम लोचन साहू और आकाश गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।