पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रयागराज के 61 हजार से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को मिला लाभ
पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रयागराज के 61 हजार से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को मिला लाभ
प्रयागराज, 30 जून। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का तहत 61,114 स्ट्रीट वेंडरों को लाभ मिला है। यह जानकारी मंगलवार को परियोजना अधिकारी (डूडा) प्रतिभा श्रीवास्तव ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत आयोजित विशेष अभियान के समापन पर प्रयागराज में स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडरों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
एक जून से 30 जून तक चले विशेष अभियान के दौरान जिले के 61,114 स्ट्रीट वेंडरों को 15 हजार रुपये तक का बिना गारंटी ऋण, 26,265 वेंडरों को 25 हजार रुपये तथा 5,277 वेंडरों को 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से हजारों छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर मिला है।
मुख्य अतिथि अपर नगर आयुक्त अरविंद राय ने स्ट्रीट वेंडरों से अपने अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों का भी पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर स्वच्छता बनाए रखते हुए व्यवस्थित ढंग से कारोबार करने से आमजन को सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रहेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री रविशंकर द्विवेदी ने समय पर ऋण चुकाने पर मिलने वाली ब्याज सब्सिडी, डिजिटल भुगतान पर प्रतिमाह 100 रुपये तक कैशबैक, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी देते हुए स्ट्रीट वेंडरों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण के क्रेडिट कार्ड तथा समय पर ऋण अदायगी करने वाले वेंडरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रविशंकर द्विवेदी ने किया, जबकि समापन सिटी मिशन मैनेजर अंशुमान गौड़ ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, मिशन प्रबंधन के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।