गया जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, रानी कमलापति-जबलपुर से 2 स्पेशल ट्रेनें; प्रयागराज छिवकी पर भी ठहराव

पितृपक्ष में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति-गया और जबलपुर-गया के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन तय किया है। दोनों ट्रेनों के तीन-तीन फेरे दोनों दिशाओं में होंगे।

गया जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, रानी कमलापति-जबलपुर से 2 स्पेशल ट्रेनें; प्रयागराज छिवकी पर भी ठहराव

प्रयागराज, 12 सितंबर । पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले तीर्थयात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रानी कमलापति-गया और जबलपुर-गया के बीच चलने वाली इन विशेष ट्रेनों से अतिरिक्त भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को गया पहुंचने में सुविधा मिलेगी। दोनों ट्रेनों के तीन-तीन फेरे दोनों दिशाओं में लगाए जाएंगे।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन समय-सारिणी और मार्ग की जानकारी रेल मदद, एनटीईएस या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा से अवश्य प्राप्त कर लें।

रानी कमलापति-गया विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 01661/01662 रानी कमलापति-गया-रानी कमलापति एक्सप्रेस विशेष ट्रेन रानी कमलापति से 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को चलेगी। गया से यह ट्रेन 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को रवाना होगी। ट्रेन में एसएलआर/डी के दो, सामान्य श्रेणी के चार, स्लीपर के 12, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच समेत कुल 24 कोच होंगे।

यह ट्रेन रानी कमलापति से चलकर इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए गया पहुंचेगी। रानी कमलापति से ट्रेन दोपहर 3:20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।

जबलपुर-गया विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 01701/01702 जबलपुर-गया-जबलपुर एक्सप्रेस विशेष ट्रेन जबलपुर से 29 सितंबर, 4 अक्टूबर और 9 अक्टूबर को चलेगी। गया से वापसी में यह ट्रेन 28 सितंबर, 3 अक्टूबर और 8 अक्टूबर को चलेगी। इसमें भी कुल 24 कोच होंगे।

जबलपुर से चलने वाली ट्रेन सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए गया पहुंचेगी। जबलपुर से ट्रेन रात 9:25 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन और समय की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।