मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए ₹83,999, मीरजापुर पुलिस ने पीड़ित को लौटाए ₹66,999

साइबर ठगी के मामले में कोतवाली देहात की साइबर टीम को मिली सफलता, बैंक और वॉलेट से समन्वय कर वापस कराई गई रकम।

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए ₹83,999, मीरजापुर पुलिस ने पीड़ित को लौटाए ₹66,999

मीरजापुर, 16 अक्टूबर। मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगों ने भरूहना निवासी प्रदीप कुमार यादव के खाते से 83,999 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली देहात की साइबर टीम ने 66,999.84 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।

प्रदीप कुमार यादव ने बीती सात अगस्त को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से कोतवाली देहात की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान टीम ने संबंधित बैंक और वॉलेट से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम में से 66,999.84 रुपये वापस कराए। रकम मिलने पर पीड़ित ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम का आभार जताया। पुलिस ने पीड़ित को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही दूसरों को भी ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक करने की अपील की।