मीरजापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 34 जोड़े सात फेरों के बंधन में बंधे
मीरजापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 34 जोड़े सात फेरों के बंधन में बंधे
मीरजापुर, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत साेमवार काे हलिया क्षेत्र के मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज परिसर में 34 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में बंध गए। अग्नि को साक्षी मानकर नवदंपतियों ने एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में हलिया विकास खंड के लिए चयनित 38 जोड़ों में से 34 ने विवाह किया, जबकि चार जोड़े विभिन्न कारणों से शामिल नहीं हो सके।
समारोह की मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का सहारा बनी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शादी के खर्च की चिंता से राहत मिल रही है। साथ ही यह योजना सामाजिक समरसता और समानता की भावना को मजबूत कर रही है।
विवाह समारोह में शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री और सहायता राशि नवदंपतियों को प्रदान की गई। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान समाजसेवी सुधीर सिंह, एसडीएम अजीत कुमार, बीडीओ विमल प्रकाश पांडेय, एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, जिला सहकारी बैंक के उपसभापति एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विपुल सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिलीप कुमार पटेल, अपना दल महासचिव शशिकांत सिंह पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश अग्रहरी, गड़बड़ा मंडल अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, सचिव चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, कौशलेंद्र राय, बालकृष्ण और संदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एक जोड़े पर सरकार खर्च कर रही एक लाख रुपये
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। वहीं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये भोजन और पंडाल की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक संबल देना है।