जनसंवाद में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने सुनीं लोगों की समस्याएं
- अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
मीरजापुर, 19 जुलाई । अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा तथा उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को सरदार पटेल चौराहा स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित 'जनसंवाद' कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, एनडीए के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
जनसंवाद कार्यक्रम में बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराया जाए।
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि जनता की सेवा करना ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादी
जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, एनडीए के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक मौजूद रहे। लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र मंत्री को सौंपे, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।