अदानी मेगा प्लांट में सर्पदंश से श्रमिक की मौत, लेबर रूम की सुरक्षा पर उठे सवाल
अदानी मेगा प्लांट में सर्पदंश से श्रमिक की मौत, लेबर रूम की सुरक्षा पर उठे सवाल
मीरजापुर, 18 जुलाई। मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरी स्थित निर्माणाधीन अदानी मेगा प्लांट में शनिवार तड़के विषैले सर्प के डसने से एक श्रमिक की मौत हो गई। लेबर कक्ष में सो रहे श्रमिक को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद श्रमिकों में शोक के साथ आक्रोश भी व्याप्त है।
सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र के सुपड़ा गांव निवासी 36 वर्षीय जोगेंद्र पुत्र विश्वनाथ निर्माणाधीन अदानी मेगा प्लांट में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद वह अपने साथियों के साथ प्लांट परिसर में बने लेबर कक्ष में सो गया। शनिवार तड़के करीब चार बजे उसकी चीख सुनकर अन्य श्रमिक जाग गए। लाइट जलाने पर उसके पास एक विषैला सांप दिखाई दिया और जोगेंद्र दर्द से तड़प रहा था।
साथी श्रमिक तत्काल एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जोगेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
लेबर रूम में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मड़िहान थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया सर्पदंश से श्रमिक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद प्लांट में कार्यरत श्रमिकों ने लेबर रूम और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।