लखनऊ में E-20 पेट्रोल और महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
लखनऊ में E-20 पेट्रोल और महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
लखनऊ, 08 अगस्त समाजवादी पार्टी (सपा) के छात्र और युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने ई-20 पेट्रोल (इथेनॉल मिश्रण) और महंगाई के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया। यहां हजरतगंज चौराहा (अटल चौक) के पास कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर धरना स्थल इको गार्डन भेजा।
दरअसल, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी और सपा युवजन सभा के राम प्रकाश के साथ दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आज ई-20 पेट्रोल (इथेनॉल मिश्रण) और महंगाई के विरोध में हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन करने पहुंच गए। इस दौरान हाथों में पेट्रोल में इथेनॉल मिलावट (ई-20 पेट्रोल) और बढ़ती महंगाई को लेकर स्लोगन लिखी तख्तियों को लहराते हुए उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि "ई-20 का समझो खेल, मोदीराज में मिलावटी तेल" और मुरादाबाद जैसे नारे लगाए।
लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी ने कहा कि इथेनॉल मिलावट वाला पेट्रोल वाहनों को खराब कर रहा है। वाहनों का माइलेज काम हो गया है। यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार शुद्ध पेट्रोल भी नहीं दे पा रही है। इसका असर कमजोर और आर्थिक रूप से छात्रों एवं आम आदमी पर पड़ रहा है। उग्र प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और उन्हें हिरासत में ले लिया।
हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया की प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाते हुए बसों के माध्यम से इको गार्डन व अन्य स्थानों के लिए तरफ भेज दिया। इस दौरान यातायात पर पड़े असर को भी सामान्य करा दिया गया है।