प्रेमी सिपाही ने पत्नी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, छह लाख की दी सुपारी; पांच गिरफ्तार
प्रेमी सिपाही ने पत्नी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, छह लाख की दी सुपारी; पांच गिरफ्तार
लखनऊ, 18 नवंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थानाक्षेत्र में पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी सिपाही समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रेमिका के पति काे मरवाने के लिए सिपाही प्रेमी ने आराेपिताें काे छह लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने बुधवार काे घटना का खुलासा करते हुए सभी आराेपिताें काे जेल भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) उत्तरी अमित कुमार आनंद ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट विष्णु विहार कॉलोनी निवासी अनुराग शुक्ला को गोली मार दी गई। गोली दाहिने हाथ की बाजू में लगने से वह घायल हो गए। इस मामले में पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज गहन जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सिपाही नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और पीड़ित अनुराग की पत्नी आशी को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सिपाही नितिन राणा मौजूदा समय में रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में तैनात है। वर्ष 2022 में कपूरथला स्थित पब्लिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात आशी मिश्रा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम भी दिया, जिससे दोनों बातचीत करते थे। साल 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई। शादी के बाद जब आशी ने पति का फोन चेक किया तो उसे पता चला कि अनुराग अन्य महिलाओं से भी बातचीत करते हैं। आशी ने यह बात नितिन राणा को बताते हुए कहा कि उसके पति उसे धोखा दे रहे हैं। इसके बाद दोनों ने तीन माह पहले से अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
इस योजना को अंजाम देने के लिए नितिन ने अपने परिचित शुभम शर्मा एवं अन्य सहयोगियों से संपर्क किया। अनुराग की हत्या के लिए 06 लाख रुपये की सुपारी तय की गई। तय रकम में से कुछ धनराशि नितिन ने मयंक के भाई शिवम को दी गई थी। साजिश के तहत 26 अक्टूबर को आरोपितों ने अनुराग की रेकी की। 28 अक्टूबर को मौका पाकर फायरिंग की, जिसमें अनुराग के घायल हो गया। आरोपित फरार हो गये।
वारदात को दोबारा अंजाम देने की योजना बनाने के लिए नितिन राणा ने अभियुक्तों को मेरठ बुलाया, जहां पुलिस टीम ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों ने बताया कि घटना के बाद तमंचा उन्होंने रास्ते में ही फेंक दिया था।
डीसीपी ने बताया कि घटना का सफल अनवारण करते हुए गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए डीसीपी ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।