स्कूल से लौट रहे बच्चों से भरी वैन पलटी, आधा दर्जन से ज्यादा घायल; एक बच्ची के हाथ में फ्रैक्चर
प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर के पास मनौरी में हादसे के बाद मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने वाहन के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला; प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बच्चों को घर ले गए।
कौशांबी, 12 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में शनिवार दाेपहर स्कूल से लाैटते समय निजी स्कूल की वैन बच्चों समेत अनियात्रित होकर पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के साथ घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक हादसे में एक बच्ची के हाथ में फैक्चर हुआ है।
प्रयागराज-कौशाम्बी बार्डर से सटे मनौरी कस्बे के समीप हादसा होते ही ऑटो में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने ऑटो के नीचे दबे बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। जानकारी मिलने पर बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और अपने-अपने बच्चों को साथ लेकर चले गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऑटो में स्कूल के 18 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन को भी घटना की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य के मुताबिक, घायलो को प्राथमिक उपचार के बाद घर वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे की कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।