अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान छात्रा ने दी जान, जीजा पर आरोप

अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान छात्रा ने दी जान, जीजा पर आरोप

अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से परेशान छात्रा ने दी जान, जीजा पर आरोप

कानपुर, 18 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 11वीं की छात्रा ने कथित रूप से अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने मृतका के जीजा पर लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक परिवार में चार बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ी बहन का ससुराल कमालगंज क्षेत्र के बीबीपुर गांव में है। कुछ समय पहले छात्रा अपनी बहन के घर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके जीजा ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें अपने मोबाइल में ले ली थीं।

परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ माह पहले किसी बात को लेकर छात्रा के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद उसके पिता ने कल्याणपुर थाने में आरोपित जीजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपित लगातार समझौता और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह छात्रा की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।

आज छात्रा काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। इस पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में कुंडी तोड़कर अंदर पहुंचे तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।