ग्रेटर नोएडा में जेपी नड्डा ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में लिया हिस्सा

सेवा ज्योति कलश यात्रा में करीब एक किलोमीटर पैदल चले नड्डा, ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जुड़े कार्यकर्ता

ग्रेटर नोएडा में जेपी नड्डा ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में लिया हिस्सा

नोएडा, 07 अक्टूबर । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इसके बाद वह सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल हुए और करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर कार्यकर्ताओं और लोगों का उत्साह बढ़ाया।

ग्रेटर नोएडा आगमन के दौरान डीएनडी पर भाजपा नोएडा महानगर के कार्यकर्ताओं ने जेपी नड्डा का स्वागत किया। नोएडा महानगर जिलाध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद जेपी नड्डा ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट पहुंचे, जहां सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी की संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना और देश को 2047 तक विकसित बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के बाद जेपी नड्डा सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक पैदल यात्रा कर कार्यकर्ताओं और आम लोगों का उत्साह बढ़ाया। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के दौरान जेपी नड्डा के अलावा गौतम बुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा जिला अध्यक्ष महेश चौहान, अमित चौधरी, विनोद त्यागी, अमित त्यागी, राज नागर, चंदगीराम यादव, कर्मवीर आर्य सहित अन्य भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।