प्रयागराज में सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से 75 वर्षीय किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

हंडिया के सियाडीह गांव के पास हुआ हादसा, साइकिल से जा रहे रामराज गौड़ को मोटरसाइकिल सवार ने मारी टक्कर

प्रयागराज में सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से 75 वर्षीय किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रयागराज, 07 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में स्थित हंडिया थाना क्षेत्र में बुधवार को मोटरसाइकिल की टक्कर से किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि हादसे में हंडिया थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रामराज गौड़ (75) की जान चली गई। घटना के संबंध जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक रामराज गौड़ खेती करने के साथ ही परिवार का भरण पोषण करने के लिए पान विक्रेता का काम करता था। बुधवार सुबह वह साइकिल से हंडिया के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में हंडिया थाना क्षेत्र के सियाडीह गांव के समीप उसे एक मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में रामराज गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, खबर मिलते ही परिजन भी पहुंचे। पुलिस टीम ने परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।