जयपुर: पीएम मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा ने शुरू किया ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘एक दीया आशीर्वाद का’ जलाया

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में अभियान का शुभारंभ किया; रक्तदान शिविर, फल वितरण और जरूरतमंदों की सहायता सहित सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

जयपुर: पीएम मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा ने शुरू किया ‘सेवा संकल्प अभियान’, ‘एक दीया आशीर्वाद का’ जलाया

जयपुर, 17 सितंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

राठौड़ ने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की ओर से रक्तदान शिविर, फल वितरण और जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे विद्युतीकरण, जल संरक्षण, किसान कल्याण, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान और मुद्रा योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य हुए हैं। उन्होंने मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और कोविड-19 के दौरान भारत की भूमिका का भी उल्लेख किया।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से जयपुर के अल्बर्ट हॉल, अमर जवान ज्योति और सवाई मानसिंह स्टेच्यू सर्किल सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।